देहरादून: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से आज राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
Read also : नैनीताल में आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू
वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी गर्जन के साथ बिजली चमकने, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
बीते कुछ दिनों से मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ था। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने को कहा गया है। विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी अपील की है।
Read also : केदारनाथ हेली सेवा की दूसरे चरण की बुकिंग 10 जून से




