कर्णप्रयाग, 18 जून। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी के करीब 80 जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्किंग को लेकर हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग श्रद्धालुओं के समूह और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान निहंग श्रद्धालुओं के समूह पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। घटना में चार लोग घायल हुए, जिनमें से एक गंभीर घायल को देहरादून रेफर किया गया।
मामले में पुलिस ने चार निहंग श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी देखने को मिली, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया।
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी में वनाग्नि पर नियंत्रण पाने गए फॉरेस्ट गार्ड की मौत
कर्णप्रयाग बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग का अहम पड़ाव है। यात्रा सीजन में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, यात्री और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: 1 जुलाई से नोएडा-देहरादून के बीच शुरू होगी सीधी फ्लाइट, इंडिगो रोजाना करेगी संचालन




