उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
19 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून और टिहरी समेत अन्य पर्वतीय जिलों में भी गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, आईटीबीपी और पीएसी के 80 जवान तैनात
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्जन, बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर न रहें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें। किसानों को भी कटी हुई फसल और बागवानी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: 1 जुलाई से नोएडा-देहरादून के बीच शुरू होगी सीधी फ्लाइट, इंडिगो रोजाना करेगी संचालन




