देहरादून, 8 अगस्त। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटने और यहां अपना घर बनाने की इच्छा जताई है। लंबे समय से दिल्ली में रह रहे पंत ने कहा है कि वह अब अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस आना चाहते हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश पिछले कुछ वर्षों से एक परेशानी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है।
पंत ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए बताया कि वह उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। पंत के मुताबिक, पिछले तीन साल से जमीन की तलाश के बावजूद उन्हें अब तक उपयुक्त जमीन नहीं मिल सकी है।
अपनी पोस्ट में पंत ने मुख्यमंत्री से मदद मांगते हुए कहा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और अपने गृह राज्य में रहकर यहां कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने लिखा, “कृपया जमीन खरीदने में मेरी मदद करें। मैं पिछले तीन साल से कोशिश कर रहा हूं, लेकिन अब तक जमीन नहीं मिल सकी है। मैं अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस आना चाहता हूं।”
@pushkardhami hello sir how’s you ??? It’s a long time for me especially being local from Uttrakhand . I have been trying to buy land to shift my base from Delhi to Uttrakhand and I couldn’t find anything facilitating and big to live here I love my Uttrakhand. My humble request…
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) August 7, 2026
पंत ने इसके बाद एक और पोस्ट कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की ओर से जमीन उपहार में मिलती है तो यह अच्छी बात होगी, लेकिन वह सरकार द्वारा तय कीमत पर जमीन खरीदने के लिए भी तैयार हैं। पंत ने कहा कि वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं।
अपनी पहली पोस्ट में पंत ने एक पुरानी जमीन का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उत्तराखंड के प्रचार से जुड़े काम के दौरान उन्हें एक अन्य जमीन मिलनी थी। हालांकि पंत ने इस जमीन के स्थान, क्षेत्रफल या इससे जुड़े किसी सरकारी प्रस्ताव के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी है।
ऋषभ पंत की अपील सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर जवाब दिया। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए उनकी मातृभूमि के प्रति भावना की सराहना की और संबंधित अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, “प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।”
प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026
आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK
ऋषभ पंत का उत्तराखंड से पुराना जुड़ाव है। वह मूल रूप से रुड़की से हैं और बाद में क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए दिल्ली चले गए थे। अब उनकी ताजा अपील और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया के बाद उत्तराखंड में जमीन लेकर घर बनाने की उनकी कोशिश आगे बढ़ने की उम्मीद बनी है।
ऋषभ पंत की यह अपील इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह लंबे समय से उत्तराखंड से अपने जुड़ाव की बात करते रहे हैं। अब जमीन लेकर यहां घर बनाने की इच्छा जाहिर करने से यह साफ है कि वह सिर्फ भावनात्मक रूप से ही नहीं, बल्कि भविष्य में अपने गृह राज्य से ज्यादा सक्रिय जुड़ाव चाहते हैं। हालांकि जमीन खरीदने की प्रक्रिया प्रदेश में लागू नियमों और संबंधित विभागों की मंजूरी के तहत ही आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने बनाया इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल, प्रारंभिक मॉडल ने भरी सफल उड़ान
यह भी पढ़ें: FASTag Annual Pass में बार-बार रिचार्ज से मिलेगी राहत, इस App से मिलेगी सुविधा




