अग्निवीर भर्ती 2026: यूपी-उत्तराखंड के युवाओं के लिए 5 अक्टूबर से रुड़की में रैली, जानें किस तारीख को किस जिले की भर्ती

Army recruitment personnel measure the chest of an Agniveer recruitment candidate.

रुड़की, 2 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों के लिए 5 अक्टूबर से रुड़की में भर्ती रैली शुरू होने जा रही है। बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप एंड सेंटर में 23 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रक्रिया में दोनों राज्यों के अलग-अलग सेना भर्ती कार्यालय (ARO) और जिलों के अभ्यर्थी तय तारीख के अनुसार शामिल होंगे।

रैली में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सेना के साथ स्थानीय प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने संबंधित विभागों से व्यवस्थाओं की रिपोर्ट मांगी है। तैयारियों की समीक्षा के लिए 3 अक्टूबर को अधिकारियों की बैठक भी बुलाई गई है।

भर्ती रैली के शुरुआती दिनों में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग सेना भर्ती कार्यालयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 5 अक्टूबर को अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बरेली सेना भर्ती कार्यालय, 6 अक्टूबर को अयोध्या, 7 अक्टूबर को मेरठ, 8 और 9 अक्टूबर को आगरा, 10 और 11 अक्टूबर को लखनऊ और लैंसडौन तथा 12 अक्टूबर को वाराणसी सेना भर्ती कार्यालय के निर्धारित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी।

इसके बाद उत्तराखंड के जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती शुरू होगी। 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली, 14 अक्टूबर को चमोली और 15 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

16 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर, पौड़ी, थलीसैंण, धूमाकोट, लैंसडौन, बैरोखाल और जखणीखाल क्षेत्र के अभ्यर्थियों की बारी होगी। 17 अक्टूबर को सतपुली, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, यमकेश्वर, चौकीसैंण और रिखणीखाल क्षेत्र के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।

18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग और देहरादून के निर्धारित क्षेत्रों, जबकि 19 अक्टूबर को देहरादून और हरिद्वार के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी।

20 अक्टूबर को चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी। 21 से 23 अक्टूबर तक की तारीखें चिकित्सा परीक्षण के लिए आरक्षित रखी गई हैं।

भर्ती के दौरान हजारों अभ्यर्थियों के रुड़की पहुंचने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग को पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। खाने-पीने की वस्तुओं के दाम तय रखने और अधिक कीमत वसूले जाने से रोकने के लिए भी निगरानी की जाएगी।

नगर निगम को भर्ती स्थल और आसपास साफ-सफाई, रैन बसेरों और दूसरी जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने को कहा गया है। बिजली के खुले या नीचे लटकते तारों जैसी संभावित खतरनाक स्थितियों को भी समय रहते ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस को ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है, ताकि भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी न हो।

अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। साथ ही भर्ती के लिए मांगे गए मूल दस्तावेज और उनकी जरूरी प्रतियां भी साथ रखनी होंगी।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: लॉन्ग वीकेंड पर मसूरी-ऋषिकेश जा रहे हैं? निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में पूर्व अग्निवीरों के लिए नौकरी का मौका, सेवा पूरी करने वालों के लिए 181 पद आरक्षित