केदारनाथ धाम और ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी चेतावनी के बाद यात्रा मार्ग पर आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है।
प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड के सुरक्षित पड़ावों पर रोका गया है। वहीं, केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है।
शनिवार रात से केदारनाथ धाम सहित ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम को देखते हुए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
Read also : देहरादून की हवा हुई साफ, बारिश के बाद AQI 100 से नीचे पहुंचा
जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस, SDRF, NDRF, आपदा प्रबंधन और अन्य सुरक्षा टीमें यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों और धाम क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही हैं। पैदल मार्ग पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल हजारों श्रद्धालु यात्रा फिर से शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम में सुधार होते ही आगे की व्यवस्था के अनुसार यात्रा को फिर से संचालित किया जाएगा।
Read also : फीफा वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू, पहली बार 48 टीमें लेंगी हिस्सा




