रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में दूसरे दिन भी तनाव, पुलिस और आईटीबीपी तैनात

नगरासू गुरुद्वारे में बढ़ी संवेदनशीलता के बीच सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। कर्णप्रयाग विवाद के बाद प्रशासन हालात सामान्य रखने के लिए क्या कदम उठा रहा है, जानिए।
रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारे का दृश्य

रुद्रप्रयाग, 21 जून 2026। रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में रविवार को दूसरे दिन भी तनाव की स्थिति बनी रही। कर्णप्रयाग में निहंग तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और आईटीबीपी को मौके पर तैनात किया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हेमकुंड साहिब यात्रा से लौटे कुछ निहंग श्रद्धालु नगरासू स्थित गुरुद्वारा परिसर में पहुंचे थे। यहां गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादारों से उनकी कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान सेवादार से मारपीट की गई और एक यात्री को कुछ समय के लिए रोका गया। हालांकि, इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।

घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर के आसपास तनाव बढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया। अधिकारियों ने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि नगरासू की घटना कर्णप्रयाग विवाद की पृष्ठभूमि में हुई है। 16 जून को कर्णप्रयाग में वाहन पार्किंग को लेकर निहंग तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।

यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ उत्तराखंड

कर्णप्रयाग प्रकरण को लेकर राज्य सरकार ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। गृह सचिव शैलेश बगौली ने आईजी गढ़वाल को मामले की जांच करने और सभी पक्षों की बात सुनकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि मामले को धार्मिक विवाद के रूप में पेश न किया जाए और अफवाहों से बचा जाए।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्णप्रयाग क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है।प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नगरासू गुरुद्वारा परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन की कोशिश है कि बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य किया जाए और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें: ऋषिकेश में 30 जून के बाद बंद होगी रिवर राफ्टिंग, मानसून सीजन में सुरक्षा के चलते रोक

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।