बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की क्रिकेटर प्रेमा रावत को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के स्क्वॉड में जगह मिली है। उन्हें आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए चोटिल श्रेयंका पाटिल की जगह शामिल किया गया।
आईसीसी के अनुसार, श्रेयंका पाटिल नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान दाएं टखने में लगी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। इसके बाद आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने प्रेमा रावत को भारतीय स्क्वॉड में शामिल करने की मंजूरी दी।
प्रेमा रावत बागेश्वर जिले के सुमटी-बैसानी गांव की रहने वाली हैं। वह लेग स्पिनर हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद इंडिया-ए टीम तक पहुंच चुकी हैं। उनके चयन की खबर के बाद गांव और जिले में खुशी का माहौल है।
क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, प्रेमा ने घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई। वह 2023 के सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट में 10 मैचों में 16 विकेट ले चुकी हैं। इसके बाद उन्हें इंडिया-ए सेटअप में जगह मिली और महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ने का मौका भी मिला।
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ यात्रा में कम होगी दूरी, 2027 तक तैयार हो सकता है हेलंग-मारवाड़ी बाईपास
पहाड़ के छोटे से गांव से निकलकर भारतीय टीम के स्क्वॉड तक पहुंचना प्रेमा रावत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली युवा खिलाड़ियों के लिए भी यह चयन प्रेरणा की तरह देखा जा रहा है।
हालांकि, प्रेमा को अंतिम एकादश में मौका मिलेगा या नहीं, यह टीम प्रबंधन के फैसले पर निर्भर करेगा। फिलहाल उनका भारतीय विश्व कप स्क्वॉड में शामिल होना उत्तराखंड क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह भी पढ़ें: कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, आईटीबीपी और पीएसी के 80 जवान तैनात




