देहरादून, 9 सितंबर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-तृतीय और स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 समेत समूह ‘ग’ के कुल 101 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर 2026 से शुरू होंगे।
आयोग की ओर से 8 सितंबर को जारी विज्ञापन के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर 2026 है। आवेदन पत्र में गलती होने पर अभ्यर्थियों को 17 से 19 अक्टूबर तक संशोधन का मौका मिलेगा। लिखित प्रतियोगी परीक्षा की अनंतिम तारीख 20 दिसंबर 2026 तय की गई है।
भर्ती में सबसे अधिक 22 पद आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के हैं। आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल में 16, उत्तराखंड वन विकास निगम में 10, ग्राम्य विकास विभाग में 8 और स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में वैयक्तिक सहायक के 8 पद भरे जाएंगे।
उच्च शिक्षा विभाग में 7, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में 6, लघु सिंचाई विभाग में 5 और सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में वैयक्तिक सहायक के 3 पद हैं। उद्योग विभाग और पंचायतीराज विभाग में एक-एक पद रखा गया है।
इसके अलावा वाणिज्य कर अधिकरण उत्तराखंड में वैयक्तिक सहायक के 2 पद, औद्योगिक न्यायाधिकरण एवं श्रम न्यायालय हल्द्वानी-नैनीताल में एक और उत्तराखंड न्यायिक एवं विधिक अकादमी भवाली में 2 पद हैं। संभागीय खाद्य नियंत्रक कुमाऊं संभाग हल्द्वानी और गढ़वाल संभाग देहरादून में भी एक-एक वैयक्तिक सहायक का पद शामिल है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग देहरादून में आशुलिपिक के 2 पद, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड में आशुलिपिक ग्रेड-तृतीय के 2 पद और BRIDCUL में आशुलिपिक ग्रेड-2/स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के 3 पद शामिल किए गए हैं।
इन पदों के लिए अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किए गए हैं। विज्ञापन के अनुसार वेतन लेवल-4 से लेवल-7 तक है। सबसे अधिक वेतनमान 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक है, जबकि अन्य पदों में 35,400 से 1,12,400 रुपये, 29,200 से 92,300 रुपये, 27,200 से 86,100 रुपये और 25,500 से 81,100 रुपये तक का वेतनमान दिया गया है।
ऑनलाइन आवेदन UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in के माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन में नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की प्रति अपलोड करनी होगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी या उपश्रेणी का प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा। जिन पदों के लिए अनुभव अनिवार्य है, वहां अनुभव प्रमाणपत्र भी देना होगा।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर रिक्त पदों की संख्या के मुकाबले चार गुना अभ्यर्थियों को क्वालिफाइंग टंकण परीक्षा और आशुलेखन परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
लिखित प्रतियोगी परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय ऑफलाइन परीक्षा होगी। आयोग ने 20 दिसंबर की परीक्षा तारीख को फिलहाल अनंतिम रखा है और जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है।
प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और भर्ती से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं भी UKSSSC की वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।
यह भी पढ़ें: Kedarnath Helicopter Booking 2026: केदारनाथ के लिए हेली बुकिंग शुरू, जानें कैसे बुक करें टिकट और जरूरी नियम
यह भी पढ़ें: चमोली के रामणी गांव में रेलिंग से फंदे पर लटके मिले युवक-युवती के शव, जांच में जुटी पुलिस


