उत्तराखंड के कई जिलों में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

उत्तराखंड में 9 जुलाई तक कई जिलों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में यात्रा और आवाजाही के दौरान अतिरिक्त सतर्कता जरूरी होगी।
Heavy rainfall causes waterlogging and slow-moving traffic at a road intersection in Dehradun.

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 9 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं कई जिलों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (3 जुलाई) को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा सभी पर्वतीय जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

यह भी पढ़ें: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर चलते ट्रक में लगी आग, चालक ने सूझबूझ से बचाई जान

4 जुलाई को पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 5 जुलाई को देहरादून, चमोली, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 6 जुलाई को ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर तथा 7 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 9 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।

बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, छोटी नदियों और गदेरों के उफान तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग की सलाह

  • खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
  • आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
  • भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
  • प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें।

यह भी पढ़ें: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद धंसी सड़क, वाहनों को नुकसान

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।