रायपुर में वाइन शॉप के बाहर विवाद के बाद फायरिंग, गोली लगने से दो लोग घायल

देहरादून के रायपुर में शराब के ठेके के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Uttarakhand Police officers meet a person injured in the Raipur firing incident at the hospital

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई।

फायरिंग में वहां मौजूद दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान नवीन राणा उम्र 39 वर्ष और कविंद्र शर्मा उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। एक घायल को कैलाश अस्पताल और दूसरे को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने क्षेत्र से शराब ठेका हटाने की मांग उठाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेके के आसपास आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, जिससे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा प्रभावित होती है।

फिलहाल दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार में कांवड़ मेला 2026 की तैयारी, मार्गों पर सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

यह भी पढ़ें: EPFO अपडेट के बाद सेवाएं बहाल होने की प्रक्रिया शुरू, पासबुक पोर्टल अभी अस्थायी रूप से बंद

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।