देहरादून, 2 अगस्त। देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन के पास 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना का निरीक्षण कर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग से जुड़े करीब 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग के लगभग 60 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक शुक्रवार को प्रगति समीक्षा बैठक करने को कहा है।
राष्ट्रपति उद्यान में 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग और वॉकिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। इसके अलावा प्राकृतिक क्षेत्र के बीच 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक भी विकसित किया जा रहा है।
परियोजना में थीमैटिक गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, झील, बच्चों के खेल क्षेत्र और अलग-अलग गतिविधियों के लिए सार्वजनिक स्थान शामिल किए गए हैं। यहां ओपन एयर थिएटर, कैफेटेरिया और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
उद्यान को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही जल संरक्षण, आउटडोर लर्निंग और पर्यावरण के अनुकूल ढांचे को योजना का हिस्सा बनाया गया है।
सिविल निर्माण का काम केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों और निर्माण की गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 20 जून 2025 को राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला रखी थी। इसे नेट-जीरो सार्वजनिक पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां स्वास्थ्य, संस्कृति और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना पूरी होने के बाद राष्ट्रपति उद्यान देहरादून आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए नया आकर्षण बन सकता है। फिलहाल विद्युत, उद्यान और सिविल से जुड़े शेष कार्यों को पूरा करने के लिए विभागों को तेजी से काम करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: विश्व प्रसिद्ध पर्वतारोही NIMS DAI का ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन में निधन, पर्वतारोहण जगत में शोक
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 7 अगस्त तक बदला रहेगा मौसम, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी




