नई दिल्ली, 4 सितंबर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (II), 2026 (Combined Defence Services Examination-II, 2026) के लिए ई-एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर, 2026 (रविवार) को देशभर में किया जाएगा।
UPSC ने अभ्यर्थियों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट से ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकालने की सलाह दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा के लिए कोई भी पेपर एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड को अंतिम परिणाम घोषित होने तक सुरक्षित रखना होगा।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ लाना होगा। इसके अलावा वही फोटो पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य होगा, जिसका नंबर ई-एडमिट कार्ड में दर्ज है। एडमिट कार्ड या निर्धारित पहचान पत्र नहीं होने पर अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
UPSC ने अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रत्येक सत्र के लिए तीन नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखने की सलाह दी है। फेस ऑथेंटिकेशन, पहचान सत्यापन या फोटो पहचान पत्र से जुड़ी किसी समस्या की स्थिति में परीक्षा केंद्र पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी पड़ सकती है।आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने को कहा है। फेस ऑथेंटिकेशन, पहचान जांच और फ्रिस्किंग के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब 1 घंटा 15 मिनट पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
तीन सत्रों में होगी परीक्षा
CDS (II), 2026 परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित होगी। UPSC के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश निर्धारित समय से पहले बंद कर दिया जाएगा।
- English Paper: सुबह 8:30 बजे तक प्रवेश बंद
- General Knowledge Paper: दोपहर 12:00 बजे तक प्रवेश बंद
- Elementary Mathematics Paper: दोपहर 3:30 बजे तक प्रवेश बंद
प्रवेश बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी केवल उसी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकेंगे, जिसका विवरण उनके ई-एडमिट कार्ड में दिया गया है।
UPSC ने अभ्यर्थियों से ई-एडमिट कार्ड पर दर्ज नाम, फोटो और QR कोड की जांच करने को कहा है। किसी भी तरह की गलती मिलने पर अभ्यर्थी आयोग से संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल फोन और स्मार्ट डिवाइस पर रोक
आयोग ने परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल वॉच, AI आधारित चश्मे या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताबें, बैग और प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर रोक लगाई है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। इसके अलावा आयोग FIR दर्ज कराने या भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंध जैसी कार्रवाई भी कर सकता है।
अभ्यर्थियों को OMR उत्तर पुस्तिका और उपस्थिति सूची भरने के लिए ब्लैक बॉल पेन का उपयोग करना होगा। सामान्य या साधारण कलाई घड़ी परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति है, लेकिन स्मार्ट वॉच या संचार सुविधा वाली घड़ियां प्रतिबंधित रहेंगी।
जिन अभ्यर्थियों ने मैट्रिक के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना नाम बदला है, उन्हें ई-एडमिट कार्ड के साथ सरकारी फोटो पहचान पत्र और जरूरत पड़ने पर मूल गजट अधिसूचना साथ लानी होगी।
UPSC ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा से जुड़े निर्देशों को ध्यान से पढ़ने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: UKSSSC ने जारी की Graduate Level Exam अभ्यर्थियों की सूची, जानें कब से शुरू होगी दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया
यह भी पढ़ें: नंदा देवी बड़ी जात: 12 साल बाद 5 सितंबर से शुरू होगी यात्रा, तैयारियां अंतिम चरण में




