रुद्रप्रयाग, 21 सितंबर 2026। चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर रविवार शाम खाई में गिरी पंजाब की 26 वर्षीय महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। महिला की पहचान पूजा साहनी के रूप में हुई है। वह तुंगनाथ मंदिर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली। इसके बाद SDRF, DDRF, पुलिस और आपदा मित्रों की टीमों को मौके पर भेजा गया और महिला की तलाश शुरू की गई।
देर रात तक चली तलाश, सुबह दोबारा शुरू हुआ अभियान
रेस्क्यू टीमों ने रात में भी महिला की तलाश जारी रखी, लेकिन खड़ी ढलान, गहरी खाई और अंधेरे के कारण अभियान मुश्किल होता गया। रात करीब 12:30 बजे तलाशी रोकनी पड़ी।
सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे टीमों ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद महिला का पता चला। बाद में पुष्टि हुई कि उसकी मौत हो चुकी थी और शव करीब 400 मीटर नीचे खाई में पड़ा था।
SDRF और पुलिस के जवान खाई में नीचे उतरे और शव को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन किलोमीटर स्ट्रेचर पर लाया गया शव
महिला के शव को खाई से निकालने के बाद स्ट्रेचर के सहारे करीब तीन किलोमीटर पैदल चोपता तक लाया गया। इसके बाद शव पुलिस के सुपुर्द किया गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
रिपोर्टों के अनुसार महिला गणेश मंदिर के आसपास के क्षेत्र में खाई में गिरी थी, जबकि उसका शव रावणशिला से नीचे की ओर मिला। दोनों स्थान चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर ही आते हैं।
शुरुआती सूचना में सुरक्षित मिलने की बात आई थी सामने
घटना को लेकर सोमवार सुबह शुरुआती सूचना में महिला के मिल जाने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर कुछ मीडिया रिपोर्टों में उसे सुरक्षित निकाल लिए जाने की खबर प्रकाशित हो गई थी।
हालांकि, बाद में SDRF और स्थानीय प्रशासन से सामने आई जानकारी में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत हो चुकी थी और रेस्क्यू टीम ने उसका शव खाई से बरामद किया।
तुंगनाथ मंदिर रुद्रप्रयाग जिले में करीब 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और पंच केदार में शामिल है। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को चोपता से पहाड़ी पैदल मार्ग से यात्रा करनी होती है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। महिला खाई में कैसे गिरी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: देहरादून के मियांवाला में खुला ₹8.64 करोड़ का जल सृष्टि पार्क, जानिए यहां लोगों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: अंकिता भंडारी हत्याकांड को 4 साल पूरे; CBI जांच को लेकर अब भी क्यों उठ रहे सवाल




