देहरादून में ट्रिपल मर्डर, 300 रुपये के भुगतान विवाद के बाद बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की पेचकस से हत्या

पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, काम के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ देर बाद दोबारा भड़का और इसके बाद तीन लोगों की जान चली गई। मामले में आरोपी गिरफ्तार है, जबकि पुलिस अब घटनास्थल के साक्ष्यों, CCTV फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Police personnel investigating a triple murder case in Dehradun with a detained masked man.

देहरादून, 7 अक्टूबर। देहरादून के रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान भुगतान को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्लंबिंग के काम के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद प्लंबर ने बुजुर्ग दंपती और उनकी मदद के लिए पहुंची महिला पर पेचकस से हमला कर दिया। तीनों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। रमेश कपूर आयुध निर्माणी से वर्क्स मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त थे। दंपती विष्णुलोक कॉलोनी में रहते थे, जबकि तिलया देवी आसपास के घरों में घरेलू काम करती थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और करीब पांच साल से देहरादून में प्लंबर का काम कर रहा था। वह पहले भी कपूर दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने आता रहा था। मंगलवार को उसे घर में प्लंबिंग का काम करने के लिए बुलाया गया था।

काम पूरा होने के बाद भुगतान को लेकर रमेश कपूर और राजकुमार के बीच विवाद हो गया। आरोपी का कहना था कि उसने काम के ₹600 मांगे थे, जबकि उसे ₹300 दिए जा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद राजकुमार वहां से चला गया था, लेकिन कुछ देर बाद वापस घर आया। आरोप है कि इसके बाद उसने रमेश कपूर और रजनी कपूर पर पेचकस से हमला कर दिया।

दंपती की चीख सुनकर पास में काम कर रही तिलया देवी उर्फ शीला उनकी मदद के लिए पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने आरोपी को रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना मंगलवार दोपहर की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी वहां से एक सोने की चेन भी ले गया था। हालांकि पुलिस हत्या के पीछे भुगतान विवाद के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपी के मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को खून से सने कपड़ों में जाते देखा। लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पेचकस भी बरामद किया है, जिसे हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

रमेश और रजनी कपूर के दो बेटे हैं, जो दिल्ली और पुणे में रहते हैं। वहीं तिलया देवी चार बच्चों की मां थीं। तीन लोगों की हत्या के बाद विष्णुलोक कॉलोनी में दहशत और शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता का भूकंप, चमोली रहा केंद्र; गढ़वाल-कुमाऊं से दिल्ली-NCR तक महसूस हुए झटके

यह भी पढ़ें: UKSSSC की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका, टेक्नीशियन ग्रेड-II के 78 पदों पर भर्ती, 12 अक्टूबर से आवेदन