देहरादून। उत्तराखंड के बिजली उपभोक्ताओं को जुलाई में भी बिजली बिल में राहत नहीं मिलेगी। यूपीसीएल(UPCL) ने जुलाई के बिलों में वसूली के लिए ईंधन और बिजली खरीद लागत समायोजन यानी एफपीपीसीए(FPPCA) की नई दरें जारी कर दी हैं। इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर उद्योग, कृषि, सरकारी सेवाओं और अस्थायी कनेक्शन तक पर पड़ेगा।
गर्मियों के सीजन में यूपीसीएल को बाजार से महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। इसी वजह से एफपीपीसीए की दरें लगातार कई महीनों से बढ़ी हुई आ रही हैं। मई और जून के बिलों में भी एफपीपीसीए के कारण उपभोक्ताओं को अधिक भुगतान करना पड़ा था।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता व्यावसायिक एनएस बिष्ट की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जुलाई के बिल में नई एफपीपीसीए दरों के आधार पर वसूली की जाएगी। अलग-अलग उपभोक्ता श्रेणियों के लिए यह बढ़ोतरी 5 पैसे से 20 पैसे प्रति यूनिट तक तय की गई है।
यह भी पढ़ें: देहरादून में तेज बारिश से बदला मौसम, उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में पहुंचा मानसून
नई दरों के अनुसार, बीपीएल उपभोक्ताओं से 5 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त वसूली होगी। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह बढ़ोतरी 12 से 13 पैसे प्रति यूनिट तक रहेगी। अघरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को 18 से 19 पैसे प्रति यूनिट तक अधिक भुगतान करना होगा।
गवर्नमेंट पब्लिक यूटिलिटी श्रेणी में 18 पैसे प्रति यूनिट, प्राइवेट ट्यूबवेल में 6 पैसे प्रति यूनिट और कृषि गतिविधियों में 8 से 9 पैसे प्रति यूनिट तक अतिरिक्त वसूली होगी। एलटी इंडस्ट्री के लिए 16 से 17 पैसे प्रति यूनिट और एचटी इंडस्ट्री के लिए 17 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी तय की गई है।
मिश्रित लोड श्रेणी में 17 पैसे प्रति यूनिट, रेलवे ट्रैक्शन में 16 पैसे प्रति यूनिट और ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए 16 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त दर लागू होगी। सबसे ज्यादा असर अस्थायी कनेक्शन पर पड़ेगा, जहां 20 पैसे प्रति यूनिट तक अतिरिक्त वसूली की जाएगी।
महंगी बिजली खरीद और ईंधन लागत का असर एफपीपीसीए के रूप में उपभोक्ताओं के बिल पर डाला जा रहा है। जुलाई में नई दरों के लागू होने से प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं का मासिक खर्च कुछ और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में एक-दो जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी, मानसून के आगे बढ़ने के आसार




