देहरादून, 21 जून 2026। नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर देहरादून में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिले के परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है।
देहरादून में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू की गई है। इस दायरे में भीड़ जुटाने, जुलूस निकालने, नारेबाजी करने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और किसी भी तरह का शोर-शराबा करने पर रोक लगाई गई है। हथियार, लाठी-डंडे या अन्य संदिग्ध वस्तुएं लेकर आने पर भी पाबंदी रहेगी।
पुलिस की ओर से परीक्षा केंद्रों के बाहर चेकिंग और निगरानी की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
नीट यूजी री-एग्जाम देशभर में 21 जून को आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में दूसरे दिन भी तनाव, पुलिस और आईटीबीपी तैनात
उत्तराखंड में भी परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। राज्य के 10 जिलों में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, केंद्रों की निगरानी और अभ्यर्थियों की जांच को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पहले से मजबूत कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ उत्तराखंड




