थराली/चमोली, 27 जून। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में डाक वितरण में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। तलवाड़ी क्षेत्र के तुंगेश्वर ग्रामीण डाकघर से जुड़े एक डाक वितरक के निजी आवास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डाक सामग्री बोरियों में भरी मिली है।
मामला तब सामने आया, जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे की बेटी का आधार कार्ड सड़क पर पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने मामले की पड़ताल की तो डाक वितरक के घर से कई बोरियों में दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई।
बोरियों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड के अलावा सरकारी नोटिस और अन्य पंजीकृत डाक भी शामिल बताई जा रही है। बरामद डाक में वर्ष 2025 के दस्तावेज भी होने की बात कही गई है। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: कर्णप्रयाग विवाद प्रकरण में चारों निहंगों को मिली जमानत, न्यायालय में जारी रहेगी सुनवाई
स्थानीय निवासी विनोद पांडे ने इस मामले की शिकायत डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से की है। उनका कहना है कि समय पर डाक न मिलने से लोगों को परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
मामले पर तलवाड़ी डाकघर के पोस्टमास्टर प्रदीप आर्य ने बताया कि संबंधित मामले की जांच उच्चाधिकारी कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि डाक सामग्री संबंधित लोगों तक क्यों नहीं पहुंची और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने डाक विभाग से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: अर्द्धकुंभ से पहले हरिद्वार को जाम से राहत की उम्मीद, अंतिम चरण में एनएचएआई की दो बड़ी सड़क परियोजनाएं




