देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर पिछले दिनों हुए सड़क हादसों के बाद परिवहन विभाग ने वाहन चालकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की स्थिति जांचने, मार्ग की सही योजना बनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
परिवहन विभाग का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। चालकों को ब्रेक, टायर, लाइट, इंडिकेटर और अन्य जरूरी सिस्टम की जांच के बाद ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में वाहन चालकों को तय गति सीमा का पालन करने, लेन अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने को कहा गया है। विभाग ने साफ किया है कि एक्सप्रेस-वे पर अचानक वाहन रोकना, गलत दिशा में चलना या कट छूटने पर वाहन को पीछे लेना बेहद खतरनाक हो सकता है।
पिछले दिनों हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में भीषण हादसा हुआ था। हलगोया गांव के पास एक कार एक्सप्रेस-वे पर पीछे की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें: मसूरी मॉल रोड पर पर्यटक और स्थानीय लोगों में विवाद, प्लास्टिक क्रेट से हमला
इस हादसे ने एक्सप्रेस-वे पर रिवर्स ड्राइविंग और अचानक लेन में बदलाव जैसे खतरों को फिर सामने ला दिया है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से कहा है कि यदि कोई एग्जिट या कट छूट जाए, तो वाहन को रिवर्स न करें। ऐसी स्थिति में अगले निर्धारित एग्जिट तक जाकर सुरक्षित तरीके से वापस लौटना चाहिए।
विभाग ने लंबी दूरी की यात्रा पर निकलने से पहले ईंधन, टायर प्रेशर और वाहन की फिटनेस पर ध्यान देने को भी जरूरी बताया है। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बचने, सीट बेल्ट लगाने और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
परिवहन विभाग ने कहा है कि बारिश, धुंध या कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। ऐसे समय में गति कम रखने और अचानक ब्रेक या लेन बदलने से बचना चाहिए।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अहम मार्ग है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। सुरक्षित सफर के लिए वाहन की तैयारी, संयमित गति और नियमों का पालन सबसे जरूरी है।
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ हाईवे पर बस और बुलेट में जोरदार भिड़ंत, बाइक सवार युवक की मौत; दूसरा गंभीर घायल




