रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ धाम और चंद्रशिला ट्रैक पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मौसम अलर्ट को देखते हुए चंद्रशिला ट्रैक पर दोपहर 12 बजे के बाद आवाजाही रोक दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से यह फैसला लिया गया है। पुलिस ने पर्यटकों और ट्रेकर्स से अपील की है कि वे मौसम खराब होने की स्थिति में जोखिम न लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने तुंगनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की है। पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन करें और दर्शन के बाद मंदिर परिसर में अनावश्यक रूप से न रुकें, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
यह भी पढ़ें: असम विमान हादसे में उत्तराखंड के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह शहीद
इन दिनों तुंगनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम की स्थिति और भीड़ को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है। आपदा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़ी टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
चंद्रशिला ट्रैक तुंगनाथ मंदिर से आगे का प्रमुख ट्रेकिंग मार्ग है। मौसम खराब होने पर इस मार्ग पर जोखिम बढ़ जाता है। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहर 12 बजे के बाद ट्रैक पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यह भी पढ़ें: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर बड़ा अपडेट, जून 2028 तक ब्यासी पहुंचेगी ट्रेन




