भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल को 133 नए युवा अधिकारी मिले हैं। मसूरी स्थित आईटीबीपी अकादमी में रविवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया, जिसमें कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 132 सहायक सेनानी और 1 महिला उप-सेनानी, विशेषज्ञ चिकित्सक, आधिकारिक रूप से बल की मुख्यधारा में शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत मौजूद रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।
परेड की शुरुआत आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षु अधिकारियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने नए अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी देश के उन सुरक्षा बलों में शामिल है, जो सबसे कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। बल के जवान हिमालयी सीमाओं पर अत्यधिक ऊंचाई, बर्फीले मौसम और कठिन तापमान में देश की सुरक्षा करते हैं। आईटीबीपी भारत-चीन सीमा पर 3,488 Km लंबे क्षेत्र की सुरक्षा में तैनात है और इसके जवान 18,800 फीट तक की ऊंचाई वाले इलाकों में सेवाएं देते हैं।
Read also : केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
नए अधिकारियों ने 18 से 50 सप्ताह तक चले कठिन प्रशिक्षण को पूरा किया। इस दौरान उन्हें युद्ध कौशल, शस्त्र संचालन, सामरिक रणनीति, शारीरिक दक्षता, आसूचना संग्रहण, मानचित्र अध्ययन, सैन्य प्रशासन, कानून, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस मौके पर उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। 30वें सहायक सेनानी/जीडी आधार कोर्स में पवन कुमार मीना को होम मिनिस्टर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर फॉर बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी दिया गया। सचिन को बेस्ट आउटडोर ट्रेनी, कोन्तेय मिश्रा को बेस्ट इंडोर ट्रेनी, अभिषेक मौर्य को बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन, नारकर अभिषेक संजय को बेस्ट मार्क्समैन, अमन सिंह को बेस्ट एंड्योरेंस और निशांत को बेस्ट कंडक्ट ट्रेनी का सम्मान मिला।
13वें सहायक सेनानी/जीडी एलडीसीई कोर्स में राहुल कुमार को बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी, सैमस्टन यांगजोर को बेस्ट आउटडोर ट्रेनी और प्रभात बहुगुणा को बेस्ट इंडोर ट्रेनी चुना गया।
56वें जीओजेड कॉम्बैटाइजेशन कोर्स में ध्रुवराज सिंह को बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी, पारस सिंह शाही को बेस्ट आउटडोर ट्रेनी और विष्णु प्रिया को बेस्ट इंडोर ट्रेनी का सम्मान दिया गया।
समारोह के दौरान ‘ई-अमोघ’ पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इसमें प्रशिक्षु अधिकारियों की प्रशिक्षण यात्रा, उपलब्धियों, अनुभवों और विभिन्न गतिविधियों को संकलित किया गया है।
पासिंग आउट परेड में आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षु अधिकारियों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Read also : देहरादून की हवा हुई साफ, बारिश के बाद AQI 100 से नीचे पहुंचा




