उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट; देहरादून-बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ कई जिलों में मौसम से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मौसम की ताजा स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत होगी। अगले पांच दिनों के लिए किन जिलों में क्या चेतावनी जारी की गई है, जानिए।
Dark monsoon clouds and rainfall over a mountain landscape in Uttarakhand.

देहरादून। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मानसून 30 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया। अगले दो से तीन दिनों में इसके उत्तराखंड के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज बारिश के दौर और झोंकेदार हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

आज यानी 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर दिख सकता है।

2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसी दिन हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

3 जुलाई को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है। 4 जुलाई को पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 5 जुलाई को देहरादून, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें: नैनीताल में बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, पेट्रोल पंपों पर सख्ती शुरू; एंट्री प्वाइंट पर लगे सूचना बोर्ड

सात दिन के पूर्वानुमान में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। 1 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 2 जुलाई को राज्य के जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश का अनुमान है।

भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, पहाड़ी सड़कों और राजमार्गों पर अवरोध, नालों और छोटी नदियों के उफान तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विभाग ने चारधाम यात्रा और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से जरूरी होने पर ही यात्रा करने को कहा है। लगातार या भारी बारिश के दौरान खड़ी ढलानों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं के दौरान लोगों को घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहने को कहा गया है। किसानों को खेतों में कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने और अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार गढ़वाल क्षेत्र में अगले एक से दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांड में पुलकित और सौरभ को हाईकोर्ट से राहत नहीं, 20 जुलाई को अगली सुनवाई

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।