देहरादून, 17 अक्टूबर। दशहरा पर इस बार देहरादून के परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले 79वें दशहरा महोत्सव में रावण के साथ कुंभकर्ण, मेघनाद और लंका का भी दहन होगा।
इस बार रावण का पुतला रिमोट कंट्रोल से जलाया जाएगा। इसके लिए पुतले में 10 बम लगाए गए हैं। 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले को तैयार करने में करीब 21 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
परेड ग्राउंड में रावण का पुतला पहले ही खड़ा कर दिया गया है। इसके साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी तैयार किए गए हैं। कमेटी के मुताबिक रावण का पुतला इस साल आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
दशहरा महोत्सव से पहले शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद परेड ग्राउंड में सबसे पहले लंका दहन होगा। इसके बाद मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे और अंत में रावण का दहन किया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार भीड़ को देखते हुए परेड ग्राउंड में प्रवेश व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
महोत्सव के दिन शाम 4 बजे तक ही लोगों को परेड ग्राउंड में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद नए लोगों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। शोभायात्रा जिस रास्ते से मैदान तक पहुंचेगी, उस तरफ से आम लोगों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कमेटी की ओर से हर साल परेड ग्राउंड में दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाता है। इस बार 181 फीट ऊंचा रावण और रिमोट से होने वाला पुतला दहन आयोजन की सबसे बड़ी खासियत होगी।




