बेलफास्ट। आयरलैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में रोमांचक जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में आयरलैंड ने भारत को 1 रन से हराया। इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो मैचों की टी-20 सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से हैरी टेक्टर ने 53 रन की अहम पारी खेली, जबकि बेन कैलिट्ज ने 37 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से प्रिंस यादव ने डेब्यू मैच में प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके।
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बाद भारतीय टीम दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 55 रन की पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। आखिरी ओवरों में हर्षित राणा ने 21 रन बनाकर मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़ें: भारत में दुनिया के 70 प्रतिशत से अधिक बाघ, सरिस्का और पन्ना बने संरक्षण के वैश्विक उदाहरण
आयरलैंड की ओर से जय मूंदड़ा और मैट हॉलार्ड ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों गेंदबाजों ने 3-3 विकेट लिए और भारत की बल्लेबाजी को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जय मूंदड़ा को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू नहीं हो सका। भारत की ओर से सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। प्रिंस यादव ने गेंदबाजी में असर छोड़ा, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले पहले टी-20 मैच में भी आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया था। दूसरे मैच में 1 रन की जीत के साथ आयरलैंड ने भारत के खिलाफ अपनी पहली टी-20 सीरीज जीत दर्ज की। इस नतीजे से भारतीय टीम का लंबे समय से चला आ रहा टी-20 सीरीज में अजेय क्रम भी टूट गया।
यह भी पढ़ें: पीएनजी नेटवर्क वाले क्षेत्रों में बदलेगा घरेलू गैस कनेक्शन का नियम, एलपीजी सरेंडर या ट्रांसफर वाउचर का विकल्प




