पिथौरागढ़ में 3 अगस्त से टेरिटोरियल आर्मी की भर्ती रैली, 69 पदों पर होगा चयन

वर्दी पहनकर फिर से सेवा देने की इच्छा रखने वाले पूर्व सैनिकों और पात्र अभ्यर्थियों के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण हो सकता है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से पहले पात्रता, जरूरी दस्तावेज, शारीरिक परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी शर्तों को समझना जरूरी होगा। जानिए भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी।
Candidates attending a Territorial Army recruitment rally in a representative image.

पिथौरागढ़। टेरिटोरियल आर्मी की 130 इन्फैंट्री बटालियन, इकोलॉजिकल कुमाऊं की भर्ती रैली 3 अगस्त 2026 से पिथौरागढ़ में शुरू होगी। रैली 3 से 8 अगस्त तक देवकटिया ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया सुबह 6 बजे से शुरू होगी।

इस भर्ती रैली में कुल 69 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें सैनिक सामान्य ड्यूटी के 49 पद उत्तराखंड के पात्र पूर्व सैनिकों के लिए हैं। बाकी ट्रेड के पद ऑल इंडिया आधार पर रखे गए हैं।

भर्ती में सैनिक शेफ कम्युनिटी के 4, वॉशरमैन के 2, टेलर के 2, इक्विपमेंट रिपेयरर के 2, हेयर ड्रेसर के 3, ब्लैक स्मिथ के 1, क्लर्क के 1, कारपेंटर के 3 और हाउस कीपर के 2 पद शामिल हैं।

रैली कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को दस्तावेजों की जांच होगी। 4 अगस्त को शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। शारीरिक परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों का 5 से 8 अगस्त तक मेडिकल टेस्ट और इंटरव्यू होगा।

भर्ती में पूर्व सैनिक पेंशनधारक शामिल हो सकेंगे। इसके साथ ही पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय या उत्तराखंड राज्य वन विभाग की पूर्व महिला कर्मचारी भी आवेदन कर सकती हैं। पूर्व महिला कर्मचारियों के लिए संबंधित विभाग में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा और पेंशनधारक होना जरूरी है।

पात्रता के लिए अभ्यर्थी का सेवानिवृत्ति या डिस्चार्ज की तारीख से पांच वर्ष के भीतर नामांकन योग्य होना आवश्यक है। मेडिकल कैटेगरी शेप-1 और चरित्र उत्कृष्ट या बहुत अच्छा होना चाहिए। अभ्यर्थी किसी भी सिविल या पुलिस मामले में शामिल नहीं होना चाहिए।

पूर्व सैनिकों को भर्ती रैली में सेवानिवृत्ति बुक, पीपीओ, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाणपत्र और सात रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे। पूर्व महिला कर्मचारियों को पेंशन ऑर्डर, संबंधित विभाग से 20 वर्ष की सेवा का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाणपत्र और सात रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।

यह भी पढ़ें: चंपावत में 124 करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

पूर्व सैनिक पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षा में दौड़, पुल अप्स, 9 फीट डिच और बैलेंस जैसे परीक्षण शामिल होंगे। पूर्व महिला कर्मचारियों के लिए चयन प्रक्रिया में बोर्ड ऑफ ऑफिसर्स की ओर से इंटरव्यू, वनीकरण से जुड़ी गतिविधियों और नर्सरी प्रबंधन से संबंधित दक्षता परीक्षण तथा मेडिकल परीक्षा शामिल होगी।

विज्ञापन में साफ किया गया है कि यह भर्ती स्थायी रोजगार की गारंटी नहीं है। चयनित अभ्यर्थियों को जरूरत और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर तय अवधि के लिए रखा जागा। शुरुआत में नामांकन दो वर्ष के लिए होगा, जिसे प्रदर्शन और उपयुक्तता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

भर्ती से जुड़ी पात्रता और ऑनलाइन नामांकन की जानकारी के लिए अभ्यर्थी 130 इन्फैंट्री बटालियन, टेरिटोरियल आर्मी, इकोलॉजिकल कुमाऊं की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी देख सकते हैं। जो अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें तय तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ सुबह 6 बजे देवकटिया ग्राउंड, पिथौरागढ़ पहुंचना होगा।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में अगले 2-3 दिन में मानसून के पहुंचने के आसार, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।