नारायणबगड़ (चमोली), 11 जुलाई। चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में उनकी मौत हो गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, 25 जून को भारी बारिश के दौरान बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को इसी दीवार की मरम्मत का काम किया जा रहा था। इस दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
बताया गया कि बारिश और मलबे के कारण पहले से कमजोर और अंदर से खोखली हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों और आसपास के व्यापारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल डॉ. डिमरी को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी हालत चिंताजनक बताई, जिसके बाद उन्हें तत्काल हायर सेंटर भेजा गया। हालांकि, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद अस्पताल कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है। यह घटना अस्पताल परिसर में पहले से क्षतिग्रस्त दीवारों और अन्य निर्माणों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
फिलहाल प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से हादसे की जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन हिस्से में बारिश के बीच दीवार ढही, सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, 17 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान; 10 जिलों के कुछ क्षेत्रों में Flash flood का खतरा




