देहरादून, 22 जुलाई 2026। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य के विभिन्न विभागों और निगमों में लेखा संवर्ग के 379 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन 26 जुलाई से शुरू होंगे।
अभ्यर्थी 15 अगस्त तक आवेदन पत्र भर सकेंगे। आवेदन में गलती होने पर 18 से 20 अगस्त के बीच सुधार का मौका मिलेगा। लिखित परीक्षा की अनुमानित तारीख 12 अक्टूबर 2026 दी गई है।
| जरूरी जानकारी | तारीख |
|---|---|
| ऑनलाइन आवेदन शुरू | 26 जुलाई 2026 |
| आवेदन की अंतिम तारीख | 15 अगस्त 2026 |
| आवेदन पत्र में सुधार | 18 से 20 अगस्त 2026 |
| संभावित लिखित परीक्षा | 12 अक्टूबर 2026 |
किस विभाग में कितने पद
सबसे अधिक 230 पद निदेशालय विभागीय लेखा में सहायक लेखाकार के हैं। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन में सहायक लेखाकार के 75 पद रखे गए हैं।
| पद | विभाग/स्थान | संख्या | वेतनमान |
|---|---|---|---|
| लेखाकार | ब्रिडकुल | 1 | ₹35,400–₹1,12,400 |
| सहायक लेखाकार | उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन | 75 | ₹29,800–₹94,300 |
| सहायक लेखाकार | पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन | 5 | ₹29,800–₹94,300 |
| सहायक लेखाकार | उत्तराखंड जल विद्युत निगम | 2 | ₹29,800–₹94,300 |
| सहायक लेखाकार | उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद | 13 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार/कनिष्ठ संपरीक्षक | उत्तराखंड जल संस्थान | 5 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | ब्रिडकुल | 2 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | निदेशालय विभागीय लेखा | 230 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, अल्मोड़ा | 13 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, नैनीताल | 12 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, ऊधम सिंह नगर | 5 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | निदेशालय कोषागार, पेंशन एवं हकदारी | 3 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, रुद्रप्रयाग | 3 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, चम्पावत | 2 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | जिला कोषागार, बागेश्वर | 1 | ₹29,200–₹92,300 |
| सहायक लेखाकार | अभियोजन विभाग | 1 | ₹29,200–₹92,300 |
| कार्यालय सहायक-तृतीय (लेखा) | पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन | 5 | ₹27,200–₹86,100 |
| कैशियर कम सहायक लेखाकार | उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग | 1 | ₹25,500–₹81,100 |
| कुल | 379 | — |
कौन कर सकता है आवेदन
अधिकतर सहायक लेखाकार पदों के लिए बीकॉम, बीबीए या अकाउंटेंसी से जुड़ी योग्यता मांगी गई है। कुछ पदों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान, हिंदी टाइपिंग या संबंधित क्षेत्र का अनुभव भी जरूरी है।
ब्रिडकुल के एक लेखाकार पद के लिए वित्त से जुड़ी उच्च योग्यता के साथ कम से कम पांच वर्ष का अनुभव मांगा गया है। ब्रिडकुल के दो सहायक लेखाकार पदों के लिए बीकॉम के साथ संबंधित काम का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है।
जिन पदों के लिए टाइपिंग गति निर्धारित की गई है, अभ्यर्थियों को संबंधित टाइपिंग मानक भी पूरा करना होगा।
अधिकांश पदों के लिए आयु सीमा 21 से 42 वर्ष है। उत्तराखंड जल संस्थान के सहायक लेखाकार और कनिष्ठ संपरीक्षक पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी।
इसके साथ अभ्यर्थी को उत्तराखंड से जुड़ी निर्धारित पात्रता भी पूरी करनी होगी। इनमें राज्य के सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण, उत्तराखंड का स्थायी निवास प्रमाणपत्र या राज्य के मान्यता प्राप्त संस्थान से हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट की पढ़ाई शामिल है। विस्तृत शर्तें आधिकारिक विज्ञापन में दी गई हैं।
परीक्षा, शुल्क और आवेदन प्रक्रिया
चयन के लिए 100 अंकों की बहुविकल्पीय लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक गलत उत्तर पर उस प्रश्न के अंक का एक-चौथाई हिस्सा काटा जाएगा।
अनारक्षित और ओबीसी अभ्यर्थियों को कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। एससी और एसटी अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 35 प्रतिशत रखे गए हैं।
| श्रेणी | आवेदन शुल्क |
|---|---|
| अनारक्षित और उत्तराखंड के ओबीसी अभ्यर्थी | ₹300 |
| उत्तराखंड के एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थी | ₹150 |
| अनाथ अभ्यर्थी | कोई शुल्क नहीं |
ऑनलाइन आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर होगा। आवेदन लिंक 26 जुलाई से उपलब्ध होगा। प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे। परीक्षा, प्रवेश पत्र और भर्ती से जुड़ी आगे की सूचना आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
Source: UKSSSC भर्ती विज्ञापन संख्या 79/यूकेएसएसएससी/2026
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 26 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में NEP(National Education policy) के तहत नई व्यवस्था, स्कूलों में 220 और कॉलेजों में 180 दिन पढ़ाई




