देहरादून, 23 जून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग(UKSSSC) ने माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के अधीनस्थ सिविल न्यायालयों और कुटुंब न्यायालयों में समूह ‘ग’ के 398 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती विज्ञापन संख्या 78/UKSSSC/2026 के तहत कनिष्ठ सहायक और आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक पदों पर चयन किया जाएगा.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 6 जुलाई 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है। लिखित प्रतियोगी परीक्षा की अनंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 रखी गई है।
इस भर्ती अभियान में कुल 398 पद शामिल हैं। इनमें कनिष्ठ सहायक के 259 पद हैं, जिनमें सिविल न्यायालयों के 230 और कुटुंब न्यायालयों के 29 पद शामिल हैं। वहीं आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के 139 पद हैं, जिनमें सिविल न्यायालयों के 128 और कुटुंब न्यायालयों के 11 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। कनिष्ठ सहायक पद के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान, कंप्यूटर संचालन का ज्ञान और हिंदी टाइपिंग में न्यूनतम 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है। अंग्रेजी टाइपिंग में 30 शब्द प्रति मिनट की गति रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक पद के लिए स्नातक योग्यता के साथ हिंदी और अंग्रेजी भाषा का ज्ञान जरूरी है। इसके अलावा हिंदी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट और कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग में न्यूनतम 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है। अंग्रेजी आशुलेखन में 80 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी टाइपिंग में 35 शब्द प्रति मिनट की गति रखने वाले अभ्यर्थियों को अधिमान दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड मौसम अपडेट: लू का खतरा नहीं, पहाड़ों में बारिश; अगले 5 दिन गर्मी बढ़ेगी या राहत मिलेगी?
आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दी गई सभी शैक्षणिक, तकनीकी और आरक्षण संबंधी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।
चयन प्रक्रिया में वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा 140 अंकों की होगी और इसके लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित है। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की कटौती होगी। लिखित परीक्षा के बाद पद के अनुसार टंकण और आशुलेखन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो 60 अंकों की होगी।
वेतनमान पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित है। कनिष्ठ सहायक पद के लिए वेतनमान 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह है। सिविल न्यायालयों में आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के लिए वेतनमान 29,200 रुपये से 92,300 रुपये और कुटुंब न्यायालयों में आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के लिए 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये निर्धारित है।
आवेदन शुल्क सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये है। उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये रखा गया है। अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क शून्य है।
सरकारी सेवा में जाने की तैयारी कर रहे स्नातक युवाओं के लिए यह भर्ती अहम अवसर मानी जा रही है। खासकर टाइपिंग, कंप्यूटर और आशुलेखन की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह मौका महत्वपूर्ण है। आयोग ने अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: वन विभाग और वन विकास निगम के दैनिक श्रमिकों को राहत, 10 साल की सेवा पर मिलेगा 18 हजार रुपये मानदेय




