उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार

उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बारिश और हल्की बर्फबारी से मौसम सुहावना हुआ है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गर्जन, ओलावृष्टि और 40 से 50 Km प्रति घंटे की तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज के बीच पहाड़ों में बारिश और मैदानी इलाकों में गर्मी का दृश्य

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बदरीनाथ-केदारनाथ समेत ऊंचे हिमालयी इलाकों में हल्का हिमपात और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। वहीं दूसरी तरफ देहरादून समेत मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस का असर अब भी बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी पर्वतीय जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है। कई क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 Km प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर साफ दिखाई दिया। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जबकि नावीढांग और ओम पर्वत क्षेत्र में शाम के समय बर्फबारी दर्ज की गई।

कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में बारिश से लोगों को राहत मिली। पिथौरागढ़ के जौलजीबी और तल्ला जोहार के नाचनी क्षेत्र में हुई बारिश से जंगलों में लगी आग बुझ गई। वहीं गुंजी, आदि कैलास मार्ग, डीडीहाट और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।

अल्मोड़ा में सुबह से बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से घटकर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

बागेश्वर के दुगनाकुरी क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई, जबकि अन्य इलाकों में बादल छाए रहे।

दूसरी तरफ राजधानी देहरादून में सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। बीच-बीच में बादल छाने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बनी रही। मसूरी और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में धूप और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

Read also : हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 शुरू, विधि-विधान के साथ खुले गुरुद्वारे के कपाट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं मैदानी जनपदों में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी से तुरंत राहत मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।

इस बीच देहरादून में गुरुवार रात पिछले 10 वर्षों की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। दून का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मई महीने में इससे पहले वर्ष 2016 में 24 मई को 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।

प्रमुख शहरों का तापमान

देहरादून – अधिकतम 39.7°C | न्यूनतम 25.9°C
ऊधम सिंह नगर – अधिकतम 40.4°C | न्यूनतम 24.0°C
मुक्तेश्वर – अधिकतम 31.0°C | न्यूनतम 16.8°C
नई टिहरी – अधिकतम 29.8°C | न्यूनतम 18.2°C

गर्मी और हीट वेव के दौरान क्या सावधानी रखें?

• दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में निकलने से बचें
• पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेते रहें
• हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें
• लंबे समय तक खाली पेट बाहर न रहें
• बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें
• चक्कर, कमजोरी या अत्यधिक पसीना आने पर तुरंत छांव या ठंडी जगह पर आराम करें
• बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का उपयोग करें

Read also : उत्तराखंड में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, देहरादून-हरिद्वार समेत कई जिलों में 40 डिग्री पार जाने का अनुमान