उत्तराखंड में अगले 3-4 दिन में आगे बढ़ सकता है मानसून, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। किन जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका है और किन इलाकों में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी की जरूरत पड़ सकती है, पूरी जानकारी खबर में पढ़ें।
Vehicles moving through heavy rainfall on a hill road in Uttarakhand amid worsening weather conditions.

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून को लेकर मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी के साथ राज्य के कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

27 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

28 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

29 जून को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बाकी पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

30 जून से बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस दिन उत्तराखंड के कई जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सभी पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली, तेज बारिश के दौर और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

एक जुलाई को नैनीताल, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दिन राज्य के सभी जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमक सकती है।

यह भी पढ़ें: पांवटा साहिब गुरुद्वारे में रुके करीब 200 निहंग, कर्णप्रयाग प्रकरण में 48 घंटे में कार्रवाई की मांग

दो और तीन जुलाई को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से साफ है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

तापमान को लेकर मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अगले 2 से 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज या बिजली चमकने के समय घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और पेड़ों के नीचे शरण न लें। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुओं को खुले में न बांधने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश की स्थिति में संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क मार्ग बाधित होने, नालों और छोटी नदियों का जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। यात्रियों और वाहन चालकों को पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से यात्रा करने को कहा गया है। प्रशासन को भी सुरक्षा के लिहाज से जरूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: डाक से मुफ्त दवा पहुंचाने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड, दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगी राहत

हर दिन की अहम खबरें, जनहित के मुद्दों और जरूरी अपडेट का सीधा रैबार। राज्य, नीति, विकास, प्रशासन, विकास, मौसम, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरें।