देहरादून। उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब परीक्षा केंद्र खोजने में परेशानी नहीं होगी। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की लोकेशन मिल जाएगी।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं के लिए नया परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है। इस सिस्टम का मकसद परीक्षा केंद्रों के चयन, पंजीकरण और प्रबंधन को डिजिटल और अधिक व्यवस्थित बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों का पोर्टल पर एक बार पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद हर परीक्षा के लिए बार-बार पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी। केंद्रों की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी, जिससे परीक्षा के अनुसार केंद्रों का चयन आसान होगा।
परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा। इससे आयोग परीक्षा की जरूरत और संवेदनशीलता के अनुसार केंद्र तय कर सकेगा। परीक्षा संचालन के दौरान केंद्रों से समन्वय भी पहले से अधिक आसान होगा।
इस सिस्टम के जरिए परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण से लेकर उपस्थिति भेजने तक की सूचनाएं ऑनलाइन मिलेंगी। केंद्रों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से अलर्ट भेजे जाएंगे। परीक्षा केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे।
प्रदेशभर में अब तक 200 परीक्षा केंद्र इस सिस्टम में पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें अल्मोड़ा के दो, बागेश्वर के नौ, चमोली के 24, चंपावत के 33, देहरादून के 31, हरिद्वार के आठ, नैनीताल के 17, पौड़ी के 21, पिथौरागढ़ के छह, रुद्रप्रयाग के 13, टिहरी का एक, ऊधमसिंह नगर के 19 और उत्तरकाशी के 16 केंद्र शामिल हैं। अभी और केंद्रों का पंजीकरण किया जाना बाकी है।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, इस डिजिटल प्रणाली से कागजी कार्रवाई में कमी आएगी। परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय बेहतर होगा और परीक्षा संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बन सकेगा।
नई व्यवस्था से अभ्यर्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले युवाओं को केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी। QR कोड के जरिए लोकेशन मिलने से गलत केंद्र पर पहुंचने या रास्ता खोजने में होने वाली परेशानी कम होगी।
यह भी पढ़ें: ऋषिकेश एम्स के डॉक्टरों ने हटाया 34.7 किलो का बोन ट्यूमर, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि
यह भी पढ़ें: रायपुर में वाइन शॉप के बाहर विवाद के बाद फायरिंग, गोली लगने से दो लोग घायल
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में कांवड़ मेला 2026 की तैयारी, मार्गों पर सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत




