उत्तराखंड में 26 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

अगर आप अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड में यात्रा करने वाले हैं या पर्वतीय जिलों में रहते हैं, तो यह मौसम अपडेट आपके लिए महत्वपूर्ण है। किन जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अचानक बाढ़ का खतरा जताया गया है, साथ ही मौसम विभाग ने क्या सलाह दी है, आगे पढ़िए...
Vehicles moving on a rain-soaked road during heavy monsoon rainfall in Uttarakhand with reduced visibility.

देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से 23 जुलाई को जारी पांच दिवसीय मौसम चेतावनी के अनुसार, राज्य के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर पड़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं।

23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 24 जुलाई को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

25 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बारिश के दौरान संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क और राजमार्ग बाधित होने, नालों और छोटी नदियों में जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखने को कहा है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ के कम से मध्यम खतरे की संभावना भी जताई है। इसमें उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत और नैनीताल जिले शामिल हैं।

प्रशासन और संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान यात्रा करते समय सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें। 

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने मंगलवार को जारी सात दिवसीय जिला स्तरीय पूर्वानुमान में बताया कि 22 जुलाई को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और बारिश के तेज दौर को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में NEP(National Education policy) के तहत नई व्यवस्था, स्कूलों में 220 और कॉलेजों में 180 दिन पढ़ाई

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 22 जुलाई को छह जिलों के लिए बारिश का अलर्ट, पूरे राज्य में आकाशीय बिजली की चेतावनी