देहरादून, 13 सितंबर। देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को 86 सैंपल की जांच में 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 17 मरीज देहरादून के हैं, जबकि चार मरीज अन्य जिलों से संबंधित हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक H1N1 के कुल 453 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 378 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 73 मरीज अभी सक्रिय हैं। संक्रमण से अब तक दो मौतें दर्ज की गई हैं।
कुल संक्रमितों में 243 पुरुष और 210 महिलाएं शामिल हैं। उम्र के हिसाब से 61 से 70 वर्ष के लोगों में सबसे अधिक 77 मामले सामने आए हैं। इसके बाद एक से 10 वर्ष आयु वर्ग में 72 और 51 से 60 वर्ष के लोगों में 71 मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वाइन फ्लू के साथ कोविड के भी दो नए मामले सामने आए हैं। शनिवार को कोविड के 29 सैंपल की जांच की गई, जिनमें दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब तक कुल 598 सैंपल की जांच में 49 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
कोविड के 49 मरीजों में से 47 स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल दो मरीज सक्रिय हैं और दोनों होम आइसोलेशन में हैं।
इस बीच डेंगू के सात नए मामले भी दर्ज किए गए हैं। इनमें पांच मरीज देहरादून और दो अन्य जिलों से संबंधित हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में अब तक डेंगू के कुल 160 मामले दर्ज किए गए हैं।
डेंगू के लिए अब तक 29,003 सैंपल की जांच की गई है। इनमें 160 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 134 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 26 मरीज उपचाराधीन हैं।
एक ही समय में स्वाइन फ्लू, कोविड और डेंगू के नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग इन संक्रमणों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: रुद्रप्रयाग में केदारनाथ-बदरीनाथ मार्ग को जोड़ने वाला पुल लगभग तैयार, परीक्षण सफल; जल्द खुलेगा यातायात
यह भी पढ़ें: देहरादून: नकरौंदा की गलियों में घूमता रहा विशालकाय हाथी, पूरी रात मची रही अफरा-तफरी




