उत्तराखंड: हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ 2027 को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस बार डिजिटल सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए रेलवे व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।
अभियान के तहत हरिद्वार रेलवे स्टेशन के साथ धर्मशालाओं, आश्रमों और यात्रियों के ठहरने वाले अन्य प्रमुख स्थानों पर रेलवे की डिजिटल सेवाओं से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। यहां बैनर, पोस्टर, होर्डिंग और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए यात्रियों को मोबाइल से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया जाएगा।
रेलवे इस अभियान में खास तौर पर रेल वन ऐप (RailOne App) को बढ़ावा देगा। यात्रियों को बताया जाएगा कि ऐप के जरिए वे ट्रेन के आगमन और प्रस्थान, ट्रेन की स्थिति, टिकट से जुड़ी सुविधाओं और रेलवे की दूसरी सेवाओं की जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं।
अर्धकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाती है। ऐसे में डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल से यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर निर्भरता कम करने और जरूरी जानकारी जल्दी हासिल करने में मदद मिल सकती है।
रेलवे की योजना है कि यात्रियों को ऐप के इस्तेमाल का तरीका भी सरल भाषा में समझाया जाए, ताकि दूसरे राज्यों और अलग-अलग आयु वर्ग के श्रद्धालु भी इन सुविधाओं का आसानी से लाभ उठा सकें।
जागरूकता अभियान को रेलवे स्टेशन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। स्थानीय धर्मशालाओं, आश्रमों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी रेल वन ऐप से संबंधित प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। इसके लिए शांतिकुंज के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
रेलवे का उद्देश्य है कि अर्धकुंभ 2027 के दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले अधिक से अधिक यात्री डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करें और ट्रेन, टिकट तथा यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी उन्हें मोबाइल पर ही मिल सके।
यह भी पढ़ें: सीएम धामी के कार्यक्रम में ताइक्वांडो खिलाड़ी के ₹1.5 लाख वाले बयान पर विवाद




