टिहरी में मूसलाधार बारिश से सड़क पर आया मलबा, मैदानी इलाकों में गर्मी ने बढ़ाई परेशानी

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अलग-अलग इलाकों में अलग असर दिखा रहा है। टिहरी में बारिश और मलबे से दिक्कतें बढ़ीं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.
टिहरी में मूसलाधार बारिश के बाद सड़क पर आया मलबा और उत्तराखंड मौसम अपडेट

उत्तराखंड में मौसम का असर अलग-अलग इलाकों में अलग रूप में दिखाई दे रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं से मौसम बदला हुआ है, जबकि देहरादून समेत मैदानी इलाकों में गर्मी और शुष्क मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रह सकता है।

शुक्रवार को टिहरी जिले में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई जगह दिक्कतें सामने आईं। थत्यूड़ क्षेत्र के सुवाखोली-अलमस-भवान मोटर मार्ग पर बिलोन्दी पुल के पास गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके बाद भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया।

मलबे की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन दुकानों को नुकसान पहुंचा। भारी मलबा आने के कारण सड़क कुछ समय के लिए बाधित भी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थिति को देखते हुए थाना थत्यूड़ पुलिस, प्रशासनिक टीम और जेसीबी मशीनों की मदद से तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। बाद में मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

Read also : उत्तराखंड के कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत, महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत हुआ

वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी लगातार बढ़ रही है। देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर में भी अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

टिहरी, रुद्रप्रयाग और कुमाऊं के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंशिक बादल भी देखने को मिले।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रह सकता है। हालांकि पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, अल्मोड़ा और टिहरी जिलों के लिए आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Read also : उत्तराखंड में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, जानिए किस शहर में क्या है नया रेट