उत्तराखंड में गर्मी बढ़ने के आसार, मैदानी जिलों में लू की चेतावनी

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून समेत कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
मैदानी जिलों में लू की चेतावनी के बीच उत्तराखंड में गर्मी से बचते लोग

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 1 से 2 दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून समेत 6 जिलों में कहीं-कहीं हीट वेव जैसी स्थिति बन सकती है।

पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि मैदानी इलाकों में पारा अब भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। देहरादून में दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गर्जन के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Read also : उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार

आने वाले दिनों में हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं लू की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

देहरादून में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

Read also : हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 शुरू, विधि-विधान के साथ खुले गुरुद्वारे के कपाट