उत्तराखंड में मानसून जल्द आगे बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के राज्य के कुछ हिस्सों में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
27 जून को पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 28 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
29 जून को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राज्य के बाकी पर्वतीय जिलों में भी कुछ जगह बारिश हो सकती है।
30 जून से बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इस दिन उत्तराखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 29 जून को बदलेगा मौसम, पिथौरागढ़-बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जून को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। 28 और 29 जून को भी पहाड़ी जिलों में बिजली चमकने, तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य दर्ज किया गया। अगले 3 से 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ें। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




