ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात मेंटेनेंस के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस का खाली रैक पटरी से उतर गया। हादसा यार्ड में ट्रैक बदलते समय हुआ। इसमें इंजन और ट्रेन के 3 कोच क्षतिग्रस्त हो गए।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना रात करीब 9:30 बजे खांड गांव क्षेत्र के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन को मंगलवार सुबह करीब 6 बजे रवाना होना था। इससे पहले सोमवार रात स्टेशन यार्ड में ट्रेन का ट्रैक बदला जा रहा था।
शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के समय ट्रेन में केवल लोको पायलट मौजूद था। रेलवे ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Read also : नंदा देवी राजजात 2027 से पहले बड़ी तैयारी, 1 करोड़ से सुधरेंगे रूपकुंड-बेदनी बुग्याल के ट्रैक
दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (Government Railway Police-GRP) के जवानों ने मोर्चा संभाला और लोगों को घटनास्थल से हटाया।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटना के करीब ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंचे। हालांकि रेलवे का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और क्षतिग्रस्त बोगियों को ट्रैक से हटाने का काम जारी है।
रेलवे के अनुसार, इस घटना की वजह से ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। हादसा स्टेशन यार्ड क्षेत्र में हुआ था, इसलिए मुख्य रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
शंटिंग क्या होती है?
रेलवे यार्ड या स्टेशन के अंदर ट्रेन, इंजन या कोचों को एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर ले जाने की प्रक्रिया को शंटिंग कहा जाता है। यह काम ट्रेन को खड़ा करने, मेंटेनेंस के लिए भेजने, कोच जोड़ने या ट्रैक बदलने के दौरान किया जाता है।
Read also : टिहरी में मूसलाधार बारिश से सड़क पर आया मलबा, मैदानी इलाकों में गर्मी ने बढ़ाई परेशानी




