उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर तेज बना रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से 16 जुलाई को जारी ताजा जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 20 जुलाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
आज (16 जुलाई) कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार जिले में भी कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना जताई गई है।
17 जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। कुमाऊं मंडल के सभी जिलों तथा देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही राज्य के सभी जिलों में आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ सकते हैं।
18 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है। देहरादून और बागेश्वर में अत्यंत तीव्र बारिश के दौर और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड हाईकोर्ट के प्रस्तावित नए परिसर के लिए गौलापार की जमीन छह सप्ताह में सौंपने के निर्देश
19 जुलाई को भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
20 जुलाई को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, पहाड़ी सड़कों और राजमार्गों के बाधित होने, छोटे नदी-नालों के उफान तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। 18 और 19 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश वाले जिलों में बिजली और दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने तथा रेल संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, पक्के भवनों में शरण लेने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। राहत की बात यह है कि इस अवधि के लिए जारी पूर्वानुमान में उत्तराखंड के लिए फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का कोई खतरा नहीं बताया गया है।
यह भी पढ़ें: UKPSC को मिला नया अध्यक्ष, लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को मिली जिम्मेदारी




